मुख्यमंत्री डॉ. यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को दिया मार्गदर्शन
भाजपा संगठन की ऑक्सीजन हैं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता
*कांग्रेस जैसी पार्टियां सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहती हैं, सजग रहें कार्यकर्ता*
*डॉ. मोहन यादव*
राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को मजबूत करें मोर्चा कार्यकर्ता
*-श्री हेमंत खण्डेलवाल*
अपने कामों का सिंहावलोकन करें युवा मोर्चा
*श्री हितानंद शर्मा *
भोपाल [जनकल्याणम मेल] मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा संगठन की ऑक्सीजन हैं। कांग्रेस जैसी पार्टियां सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहती हैं, इसके लिए युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा और विरोधियों को अपने मकसद में कामयाब नहीं होने देना है, ताकि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरू बनने में कोई अड़चन न आए। कार्यकर्ता संकल्पों और सिद्धांतों के साथ भाजपा की विजय यात्रा में योगदान जारी रखें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता अपने कामों से समाज में ऐसी छवि बनाएं, जो यादगार रहे। अपने आचरण और व्यवहार पर ध्यान दें, उसे निखारें। अगर आपको समाज में सम्मान मिलेगा, तो हमारे दल को भी सम्मान मिलेगा। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि युवा मोर्चा समीक्षा के माध्यम से अपने कामों का सिंहावलोकन करे। बैठक को युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार ने भी संबोधित किया। बैठक में युवा मोर्चा के कार्यकाल की पुस्तिका ‘समर्पण’ अतिथियों को भेंट की गई।
*युवा देश की क्रांतिकारी परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान देते रहें- डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का युवा देश है। सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश है। देश में जब से गणतंत्र लागू हुआ, देश लगातार आगे बढ़ रहा है। देश को आजादी दिलाने में क्रांतिकारी युवाओं का अहम योगदान है। शहीद भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस जैसे क्रांतिकारियों ने आगे बढ़कर देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। इन क्रांतिकारियों के योगदान से मिली आजादी अलग प्रकार की है, क्योंकि भारत के साथ दक्षिण अफ्रीका भी आजाद हुआ था। भारत में क्रांतिकारियों ने एक भी अंग्रेज को देश में नहीं रहने दिया, इसका परिणाम यह हुआ कि भारत आज विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है, जबकि दक्षिण अफ्रीका को गुलाम बनाने वाले देश के आजाद होने के बाद भी उसके संसाधनों पर कब्जा कर बैठे रहे और आज भी दक्षिण अफ्रीका के नागरिक अलग प्रकार की दुनिया में ही जी रहे हैं।
*भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने में मध्यप्रदेश की बड़ी भूमिका होगी*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद 55 सालों तक देश में शासन किया, लेकिन देश को उस मुकाम तक नहीं पहुंचा सके, जहां उसे होना चाहिए था। कांग्रेस पार्टी सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहती है। दस तरह की बातें करने वाली कांग्रेस के अंदर कुछ और होता है, बाहर कुछ और होता है। युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा और कांग्रेस के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने के मंसूबे में कामयाब नहीं होने देना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश का लगातार विकास करते हुए भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने में जुटी है। इस काम में मध्यप्रदेश के युवा भी अपने परिश्रम व पुरूषार्थ से पूरा योगदान दें। उन्होंने कहा कि युद्ध के मोर्चों में जिस प्रकार विजय प्राप्त करने के बाद सेना अपने पड़ाव की ओर आगे बढ़ती जाती है, लेकिन बीते युद्धों का स्मरण भी हमेशा करती रहती है, ताकि आगे के युद्ध भी वह आसानी से जीतती रही। इसी प्रकार हमारे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी वर्ष 2023 के विधानसभा और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के ऐतिहासिक विजय के स्मरण के साथ आगे बढ़ते रहें और आने वाले समय में होने वाले किसी भी चुनाव में भाजपा की इस विजय यात्रा को आगे बढ़ाने में अपना अमूल्य योगदान देते रहें। हमें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरू बनाने के जिस संकल्प को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कार्य कर रहे हैं, उस संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश की भी बड़ी भूमिका होगी।
*सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए युवा मोर्चा-श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने वो मूलभूत चीजें और सुविधाएं आमजन को उपलब्ध कराईं, जिनके बारे में कांग्रेस की सरकारों ने 70 वर्षों में सोचा तक नहीं। इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रदेश के विकास की चिंता कर रहे हैं। वे उद्योगों के मामले में मध्यप्रदेश को महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों की बराबरी पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। उद्योगों को जमीन, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में 11000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव लेकर विदेश यात्रा से लौटे हैं। युवा मोर्चा केंद्र और राज्य सरकारों के इन कामों को जनता तक पहुंचाए। सरकार और जनता के बीच की कड़ी के रूप में काम करे। युवा मोर्चा कार्यकर्ता यह ध्यान रखें कि सोशल मीडिया पर उनकी जितनी भी गतिविधियां हैं, उनमें सरकार के कामों की चर्चा अवश्य हो। सोशल मीडिया पर पोस्ट करें, जिन्हें समाज को बताने की जरूरत है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस के आयोजनों के लिए विधानसभा स्तर पर प्रभारी बनाएं। इसी तरह तिरंगा यात्रा एवं पौधारोपण आदि कार्यक्रमों के लिए भी योजना बनाएं।
*विचारधारा, संगठन और काम की चिंता करें मोर्चा कार्यकर्ता*
श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के बाद युवा मोर्चा की स्थापना हुई और यह भारतीय जनता पार्टी की यात्रा की पहली सीढ़ी है। आज जो वरिष्ठ नेता हैं, वो सभी कभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रहे हैं। उन सभी ने दिए गए काम की चिंता की, अपने भविष्य की चिंता नहीं की। भाजपा एक परिवार है और परिवार में बालक स्वयं की चिंता नहीं करता, उसकी चिंता अभिभावक करता है। उसी तरह युवा मोर्चा कार्यकर्ता भी अपनी चिंता छोड़कर पार्टी की विचारधारा, संगठन और अपने काम की चिंता करें। जिस पद पर भी हैं, उसका श्रृंगार करें। यदि आप पार्टी की चिंता करेंगे, तो आपकी चिंता पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में किसी का कोई पद नहीं होता, सभी का दायित्व होता है। हम एक परिवार की तरह हैं और सब बराबर हैं। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है, फिर पार्टी, परिवार और अंत में हम हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता इस विचारधारा को मजबूत करने के लिए काम करें।
*विपक्ष के नैरेटिव का जवाब दे युवा मोर्चा -श्री हितानंद जी*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि विपक्ष लगातार हमारी सरकारों के खिलाफ नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रहा है। हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने देश व प्रदेश के हित में जो काम किए हैं, युवा मोर्चा कार्यकर्ता उन कामों को जनता तक पहुंचाएं। पूरे साक्ष्यों के साथ विपक्ष के नैरेटिव का जवाब दें। युवा मोर्चा कार्य, कार्यक्रम और कार्यकर्ता के स्तर पर समीक्षा करके अपने कार्यों का सिंहावलोकन करें। इसके लिए मैपिंग का भी सहारा लिया जा सकता है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस पर युवा मोर्चा कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देश के वीर सैनिकों की गाथा को युवाओं तक पहुंचाएं। पार्टी कार्यकर्ता पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक बोध जगाने वाले कार्यक्रमों में सहभागिता बढ़ाएं। एक देश-एक चुनाव को लेकर युवा मोर्चा प्रत्येक संभाग में प्रतिमाह कम से कम एक कार्यक्रम आयोजित करें। इसी तरह से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भी युवाओं को दृष्टिगत रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
*पार्टी नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व का अनुसरण करें मोर्चा कार्यकर्ता-श्री वैभव पंवार*
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार ने कहा कि मध्यप्रदेश के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपनी पार्टी के नेताओं के कृतित्व व व्यक्तित्व का अपने जीवन में अनुसरण कर पार्टी संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटे रहें। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से ही विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं और आज मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ हर कार्यकर्ता की चिंता कर रहे हैं। युवा मोर्चा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन की हर जिम्मेदारी को निभाकर संगठन को आगे ले जाने का कार्य कर रहा है। मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा सरकार के कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाकर अंत्योदय के मूल भाव को साकार करने में प्राणपण से जुटा हुआ है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर एवं श्री प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल उपस्थित रहे।