गुना [जनकल्याण मेल] जिला अभिभाषक संघ चुनाव 2025-26 के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। चुनावी प्रक्रिया के तहत 25 मार्च को मतदान होगा, जबकि 26 और 27 मार्च को मतगणना की जाएगी। इस चुनाव में कुल 18 पदों के लिए 32 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 685 मतदाता करेंगे। चुनाव प्रचार भी जोर-शोर से जारी है, और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
चुनाव संचालन के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी विवेक विजयवर्गीय को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा शरद पाराशर और कुलदीप तोमर सहायक चुनाव अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। चुनावी कार्यक्रम के तहत 25 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद 26 मार्च को पदाधिकारियों और 27 मार्च को कार्यकारिणी के सदस्यों की मतगणना की जाएगी। मतगणना का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
तीन उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ में...
संघ के अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इनमें भूपनारायण सिंह सोलंकी, सुनील कुमार शर्मा और भरत अग्रवाल शामिल हैं। भूपनारायण सोलंकी स्टेट बार के पूर्व सदस्य भी रह चुके हैं, जिससे उनका अनुभव इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है।
निर्विरोध चुने गए उपाध्यक्ष और सह सचिव (महिला)..
संघ के उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों का चयन निर्विरोध हो चुका है। मुनेश रघुवंशी और विक्रम बोहरे उपाध्यक्ष पद के लिए पहले ही निर्वाचित हो चुके हैं। इसी तरह सह सचिव (महिला) पद पर अंजुला सोनी को निर्विरोध चुना गया है।
सचिव पद के लिए सबसे ज्यादा दावेदारी...
संघ के सचिव पद पर चुनावी मुकाबला सबसे ज्यादा कड़ा होने वाला है, क्योंकि पांच उम्मीदवार इस पद के लिए मैदान में हैं। इनमें चंद्रप्रकाश राव, चरण सिंह लोधा, महेश दास बैरागी, मनोज कुमार तारोलिया और श्याम सुंदर लिटौरिया शामिल हैं। इसके अलावा सह सचिव (पुरुष) पद के लिए विष्णु झा और विवेक रघुवंशी के बीच सीधा मुकाबला होगा।
अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चुनावी मुकाबला...
कोषाध्यक्ष पद के लिए भी तीन प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इसमें अशोक कुशवाह, राजेश राठिया और गजानंद प्रजापति अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। पुस्तकालय अधिकारी के पद पर पहले तीन उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन एक ने नामांकन वापस ले लिया। अब अरविंद सोनी और फकरुन्निसा कुरैशी के बीच मुकाबला होगा।
कार्यकारिणी चुनाव में भी जोर-आजमाइश...
सीनियर कार्यकारिणी के 7 पदों के लिए 9 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें अमरीश रघुवंशी, दीपक मीणा, हर्षवर्धन सिसोदिया, जितेंद्र धाकड़, करन अहिरवार, नीरज पांडे, प्रदीप शाक्य, प्रदीप शर्मा और संजय रघुवंशी शामिल हैं। जूनियर कार्यकारिणी (पुरुष) के दो पदों के लिए चार प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें अजय मिश्रा, सागर सोनी, सीताराम यादव और शिशुपाल यादव के बीच कड़ी टक्कर होगी। वहीं जूनियर कार्यकारिणी (महिला) पद के लिए संध्या श्रीवास्तव को निर्विरोध चुना गया है। चुनाव को लेकर वोटर लिस्ट कार्यालय के बाहर प्रदर्शित कर दी गई है और मतदान के लिए बैलट बॉक्स तैयार किए जा रहे हैं। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, और चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।